काशी में मेगा एयर शो से पहले सुरक्षा का रिहर्सल:रविदास घाट पर हेलीकॉप्टर से मॉक ड्रिल,एयर शो को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह

Oct 11, 2026 - 08:51
0
काशी में मेगा एयर शो से पहले सुरक्षा का रिहर्सल:रविदास घाट पर हेलीकॉप्टर से मॉक ड्रिल,एयर शो को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह
काशी में प्रस्तावित मेगा एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस भव्य आयोजन से पहले भारतीय वायु सेना और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने में जुटे हैं। इसी क्रम में रविदास घाट पर सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। रविदास घाट पर क्रूज के पास पहुंचा हेलीकॉप्टर, हवा में रहा स्थिर मॉक ड्रिल के दौरान सेना का हेलीकॉप्टर रविदास घाट पर खड़े विवेकानंद क्रूज के पास पहुंचा। हेलीकॉप्टर कुछ मिनट तक क्रूज की छत के करीब हवा में स्थिर रहा। इसके बाद हेलीकॉप्टर से क्रूज की ओर रस्सा लटकाया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यास किया गया। अभ्यास पूरा होने के बाद हेलीकॉप्टर दोबारा आसमान में उड़ गया। इस अभ्यास का उद्देश्य बड़े आयोजन के दौरान किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना था। मेगा एयर शो में सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में आयोजन से पहले मॉक ड्रिल के जरिए संबंधित प्रक्रियाओं का अभ्यास तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हेलीकॉप्टर की आवाज सुनते ही घाट की ओर दौड़े लोग गंगा घाटों के आसपास हेलीकॉप्टर की आवाज सुनते ही लोगों का ध्यान आसमान की ओर चला गया। देखते ही देखते कई लोग मोबाइल कैमरे लेकर घाट की तरफ पहुंचने लगे। क्रूज के पास हेलीकॉप्टर को हवा में स्थिर देखकर लोगों में खासा कौतूहल देखने को मिला। स्थानीय लोगों के बीच भी प्रस्तावित एयर शो को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि वे इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खासकर आसमान में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों को उड़ान भरते हुए अपनी आंखों से देखने को लेकर उनमें काफी उत्सुकता है। एयर शो से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर काशी में मेगा एयर शो को देखते हुए प्रशासन शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी तैयारी कर रहा है। आयोजन के दौरान संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए महाकुंभ की तर्ज पर यातायात के तीन अलग-अलग प्लान तैयार किए जाने की बात सामने आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User