कौशाम्बी में 1150 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन:श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के निर्देश, पुलिस अलर्ट
कौशाम्बी में आज मंगलवार को होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। विसर्जन मार्गों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है। इसके साथ ही तालाबों, नहरों और अन्य जलाशयों के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ए सपी सत्यनारायण प्रजापत ने बीती देर रात जनपद के सभी सर्किल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। शारदीय नवरात्र के दौरान जनपद में कुल 1150 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित गए थे। इनमें मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। आज दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ नवरात्र उत्सव का समापन होगा। सभी दुर्गा प्रतिमाओं के लिए निकलने वाले विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरें, इसके लिए थाना स्तर पर व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जुलूस के आगे-पीछे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात सुचारु रखने पर भी जोर दिया जाएगा। साथ ही जाम की स्थिति न बने इसके लिए डायवर्जन भी किया गया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित तालाबों या नहरों में ही प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती जाएगी। तालाबों, नहरों और अन्य जलाशयों के आसपास पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। पुलिस अधिकारियों द्वारा ड्यूटी में तैनात श्रद्धालुओं को पानी के गहरे हिस्सों में जाने से रोकने और आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। एसपी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आयोजकों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से भी अपील की है कि किसी भी भ्रामक व अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)