कौशांबी में युवक के सीने पर तमंचा सटाकर रंगदारी वसूली:परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला, 3 घायल; QR कोड से मंगवाए थे रुपए

Oct 18, 2026 - 20:53
0
कौशांबी में युवक के सीने पर तमंचा सटाकर रंगदारी वसूली:परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला, 3 घायल; QR कोड से मंगवाए थे रुपए
कौशाम्बी में युवक को तमंचा दिखाकर ऑनलाइन रुपए वसूले गए। विरोध और शिकायत करने पहुंचे परिवार पर भी हमला किया गया। रविवार दोपहर करीब 2 बजे लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मारपीट की। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला चरवा थाना क्षेत्र का हे। बाग में बुलाकर तमंचा सटाया, ऑनलाइन मंगवाए रुपए ग्राम सिरसी चरवा निवासी रामबली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनका भांजा आर्यन संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव का रहने वाला है। आरोप है कि 12 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे रैयादेह माफी निवासी हर्षित और हरि यादव ने उसे फोन कर केसी के पूरवा के पास स्थित बाग में बुलाया। वहां आर्यन के सीने पर तमंचा सटाकर 2 हजार रुपए मांगे गए। रामबली के मुताबिक, आर्यन के पास नकदी नहीं थी तो आरोपियों ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई की। उसे जान से मारकर रेलवे ट्रैक पर फेंकने की धमकी भी दी। इसके बाद हर्षित ने ऑनलाइन स्कैनर देकर रुपए मंगवाने का दबाव बनाया। डर के कारण आर्यन ने अपने ममेरे भाई अजीत से स्कैनर पर 2 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। दोबारा 2 हजार लिए, फिर मांगे 15 हजार शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात आरोपियों ने दोबारा फोन कर जान से मारने की धमकी दी और उसी स्कैनर पर 2 हजार रुपए और ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद 17 अक्टूबर को फोन और मैसेज के जरिए 15 हजार रुपए की नई मांग की गई। शिकायत करने पहुंचे परिवार पर हमला रामबली के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपने भांजे आर्यन, बेटे अजीत और भाई के साथ हर्षित के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद हरि यादव, नोखे लाल, धर्मदास और 10-12 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। तीन लोग घायल, अजीत के सिर में लगे टांके हमले में रामबली के भाई अनिल, बेटे अजीत और पड़ोसी भाई अंजीस के सिर में गंभीर चोटें आईं। अंजीस का एक दांत भी टूट गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अजीत के सिर में कई टांके लगाए गए। रामबली ने रविवार शाम करीब 4 बजे चरवा थाने में प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, जानलेवा हमले और अन्य आपराधिक कृत्यों के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User