कचहरी परिसर में महिला को गिराकर पीटा:मुकदमे की तारीख पर आई थी, पति समेत तीन पर आरोप लगाया

Sep 25, 2026 - 16:08
0
कचहरी परिसर में महिला को गिराकर पीटा:मुकदमे की तारीख पर आई थी, पति समेत तीन पर आरोप लगाया
महराजगंज के परिवार न्यायालय परिसर में महिला ने अपने पति समेत तीन लोगों पर मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता ने घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी पुलिस को दी है। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा निवासी प्रिया त्रिपाठी की शादी बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी मनीष कुमार मिश्र से हुई है। प्रिया ने पहले भी पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा उन्होंने परिवार न्यायालय महराजगंज में भरण-पोषण के लिए वाद संख्या 641/2025, प्रिया बनाम मनीष कुमार मिश्र दाखिल कर रखा है। पिता की गवाही के बाद बाहर निकली थी महिला प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 24 सितंबर को मामले में तारीख थी। इस दौरान प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही होनी थी। दोपहर करीब 2 बजे प्रिया अपनी बहन प्रियंका और पिता के साथ कोर्ट रूम से निकलकर भूतल के हॉल में पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से मनीष मिश्र, प्रिंस मिश्रा और सतीश मिश्र वहां पहुंचे। तीनों ने एकराय होकर प्रिया के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने प्रिया का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए पिता-बहन से भी मारपीट प्रिया के मुताबिक, जब उनके पिता और बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्हें नीचे गिराकर गला दबाने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर कचहरी परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद प्रिया, उनके पिता और बहन की जान बच सकी। प्रिया का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वीडियो क्लिप के साथ पुलिस से कार्रवाई की मांग पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रिया ने घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी प्रार्थना पत्र के साथ पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User