खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं को बाहर से दर्शन:लखनऊ में परिसर गेट तक पहुंचा गोमती का पानी, प्रशासन ने बोर्ड लगाया

Oct 08, 2026 - 15:28
0
खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं को बाहर से दर्शन:लखनऊ में परिसर गेट तक पहुंचा गोमती का पानी, प्रशासन ने बोर्ड लगाया
लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से खाटू श्याम मंदिर परिसर से गेट तक पानी पहुंच गया है। भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर में प्रत्यक्ष दर्शन बंद कर दिए गए हैं। अब श्रद्धालु बाहर से ही बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने भक्तों से जलस्तर कम होने तक घर पर रहकर सोशल मीडिया के जरिए लाइव दर्शन करने की अपील की है। अलीगंज निवासी अक्षत रस्तोगी ने बताया कि वह दो साल से बाबा के दर्शन करने आ रहे हैं। पहले मंदिर परिसर के अंदर तक पानी था, लेकिन अब पानी गेट तक पहुंच गया है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द पानी कम होगा और दर्शन फिर से सुचारू रूप से शुरू होंगे। देखिए 2 तस्वीरें… पहले परिसर में था पानी, अब गेट तक पहुंचा अलीगंज से आए सागर सिंह ने बताया कि वह तीन साल से बाबा के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोमती का जलस्तर बढ़ना परेशानी जरूर है, लेकिन बाबा और मां गोमती पर आस्था कायम है। उन्हें उम्मीद है कि नवरात्रि में सब ठीक हो जाएगा और लोगों के घरों में भरा पानी भी सूख जाएगा। आठ साल से दर्शन करने आ रहीं उमा शक्ति नगर निवासी संदीप ने कहा कि पानी काफी बढ़ गया है। मंदिर के अंदर जाना संभव नहीं है, इसलिए बाहर से ही दर्शन किए जा रहे हैं। विवेक खंड-1 निवासी उमा ने बताया कि वह आठ साल से बाबा के दर्शन करने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि गोमती मैया ने इस बार रौद्र रूप ले रखा है। पहले मंदिर परिसर के अंदर से दर्शन होते थे, लेकिन अब बाहर से ही दर्शन हो रहे हैं। उन्होंने जलस्तर जल्द थमने की प्रार्थना की। गायों को सुरक्षित जगह किया शिफ्ट मंदिर के पुजारी पंडित सुहेलदेव मिश्रा ने बताया कि 4 तारीख को शाम 4 बजे से मंदिर में पानी आना शुरू हुआ हैं। गौशाला में भी पानी आने के बाद सभी गायों को पहले मंदिर परिसर और अब पार्किंग एरिया में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पानी बढ़ने के बाद भक्तों को बाहर से दर्शन कराए गए। फिलहाल प्रत्यक्ष दर्शन बंद हैं। भक्त इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप पर लाइव दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए सूचना भी जारी की गई है, मंदिर प्रबंधन ने जलस्तर कम होने तक श्रद्धालुओं से घर पर रहने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User