खेत के पास 10 फीट का विशालकाय अजगर दिखा:बुलंदशहर में वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
बुलंदशहर जिले के स्याना रेंज अंतर्गत आने वाले गुलावठी कोतवाली क्षेत्र के गांव खुशहालपुर में रविवार दोपहर 1 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेतों के निकट एक विशालकाय अजगर को रेंगते हुए देखा। अजगर को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण डर के मारे सहम गए। मिली जानकारी के अनुसार, गांव खुशहालपुर के कुछ किसान और मजदूर सुबह खेतों में काम करने के लिए जंगल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेतों के पास झाड़ियों के करीब रेंग रहे विशालकाय अजगर पर पड़ी। अजगर का आकार इतना बड़ा था कि लोगों के बीच तुरंत भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई। वनकर्मी रामवीर और चंद्रपाल अपनी टीम के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और अजगर को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अजगर काफी आक्रामक और भारी-भरकम था, जिसके कारण उसे काबू में करने में टीम को काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आखिरकार वन विभाग की कुशल टीम ने सुरक्षित तरीके से अजगर पर काबू पा लिया और उसे बोरे में सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के सफलतापूर्वक रेस्क्यू होने के बाद ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव खुशहालपुर में अजगर निकलने की खबर पर वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। टीम ने तत्परता दिखाते हुए अजगर का रेस्क्यू कर लिया है। पकड़े गए अजगर को आबादी से दूर एक सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया गया है, ताकि ग्रामीणों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा बनी रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)