पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण:वामा सारथी ने होम्योपैथी, एलोपैथी और वेलनेस कैंप लगाकर दी मुफ्त दवाएं
इटावा के वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा रीना श्रीवास्तव, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रविवार दोपहर 12 बजे रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए तीन तरह के कैंप लगाए गए। शिविर में होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप और वामा वेलनेस कैंप शामिल रहे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया।
चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं भी दी गईं। शिविर में होम्योपैथिक और एलोपैथिक दवाओं के साथ आई ड्रॉप तथा जलने और कटने से संबंधित दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा, पाचन तंत्र और तनाव से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इसका आयोजन पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम इटावा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, प्रभारी वामा सारथी और आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से किया गया। वामा सारथी की ओर से पुलिस परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य और जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चिकित्सकों और सहयोगी स्टाफ के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का सफल संचालन किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)