खेत में अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगला:गोंडा में शाम को दिखा विशालकाय अजगर, किसानों ने वन विभाग से रेस्क्यू की मांग की
गोंडा में कटरा बाजार थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में गुरुवार शाम करीब 6 बजे धान के खेत में विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो अजगर ने करीब दो महीने के नीलगाय के बच्चे को निगल रखा था। उसका पैर का कुछ हिस्सा अजगर के मुंह से बाहर दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से नीलगाय के बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन अजगर ने उसे नहीं छोड़ा। बारिश के बाद खेत में पहुंचे थे ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से बारिश हो रही थी। नीलगाय का बच्चा खेत में होने के कारण उन्हें उसकी चिंता थी। इसी वजह से शाम करीब 6 बजे वे धान के खेत की ओर गए। वहां बच्चा दिखाई नहीं दिया, लेकिन एक विशाल अजगर नजर आया। पास जाकर देखने पर उसके मुंह में नीलगाय के बच्चे का पैर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे अजगर के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। खेत में अजगर होने की जानकारी फैलने के बाद आसपास के किसानों में भी दहशत का माहौल है। रात में खेतों की रखवाली को लेकर चिंता किसानों ने बताया कि धान की फसल तैयार होने के दौरान उन्हें रात में भी खेतों की रखवाली के लिए जाना पड़ता है। ऐसे में खेत में अजगर दिखाई देने के बाद उन्हें सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है। वन विभाग की टीम करेगी रेस्क्यू गोंडा के डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी ने बताया कि माधवपुर गांव में अजगर निकलने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)