खेत में मिट्टी डालने के विवाद में किशोरी की हत्या:आगरा में राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 घायल; गांव में तनाव के बाद फोर्स तैनात
आगरा के निबोहरा थाना क्षेत्र के गढ़ी धर्मजीत गांव में खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद आरोप है कि एक पक्ष ने राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की चपेट में आने से कक्षा 12 की 15 वर्षीय छात्रा बृजेश की मौत हो गई। फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक गढ़ी धर्मजीत गांव में खेत में मिट्टी लगाने को लेकर रमेश चंद्र पक्ष और अजमेरी पक्ष के बीच विवाद हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से कक्षा 12 की छात्रा की मौत फायरिंग के दौरान 15 वर्षीय बृजेश को गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। चार अन्य लोग भी गोली लगने से घायल इस फायरिंग में अजमेर सिंह, 8 वर्षीय भावना, हरेंद्र सिंह समेत एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि विवाद और फायरिंग की पूरी वजह सामने आ सके। वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश घटना की सूचना मिलते ही एसीपी के साथ निबोहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। फायरिंग के बाद आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। किशोरी की हत्या के बाद गांव में तनाव किशोरी की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, फायरिंग में शामिल लोगों और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)