खेत से मिट्टी उठाने को लेकर फायरिंग, किशोरी की मौत:आगरा में चार लोग घायल; 10-12 राउंड हुई फायरिंग
आगरा में रविवार की शाम खेत से मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने लाइसेंसी राइफल और पिस्टल से 10-12 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में किशोरी बृजेश की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि जितेंद्र, हरेंद्र, भावना और अजमेर सिंह घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर डीसीपी पूर्वी जोन, एसीपी शमसाबाद समेत पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। यह वारदात जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर फतेहाबाद के गढ़ी धर्मजीत गांव में हुई है। देखिए घटना से संबंधित तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा घटनाक्रम खेत से मिट्टी उठाने पर शुरू हुआ विवाद
गांव निवासी फूल सिंह के अनुसार, उनके छोटे भाई अजमेर सिंह की पुत्रवधू रविवार शाम पशुओं को लेने खेत की ओर गई थी। इसी दौरान खेत में काम कर रहे रमेश चंद्र ने वहां से मिट्टी उठाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। लाइसेंसी राइफल-पिस्टल से फायरिंग का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के लोग अपने घर से लाइसेंसी राइफल और पिस्टल लेकर आए और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब 10-12 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। फायरिंग में गोली लगने से किशोरी बृजेश की मौत हो गई। वहीं जितेंद्र के पेट में गोली लगी, जबकि हरेंद्र के कंधे और भावना के सिर को छूते हुए गोली निकल गई। अजमेर सिंह भी घायल हुए हैं। अस्पताल में किशोरी को मृत घोषित किया
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने किशोरी बृजेश को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल, एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। गांव में पुलिस फोर्स तैनात, जांच जारी
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों और आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)