खुले में शराब पीने वाले 1351 लोगों पर कार्रवाई:महराजगंज पुलिस ने 123 जगहों पर चलाया अभियान, आगे भी जारी रहेगी निगरानी
महराजगंज में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने रविवार रात 9 बजे बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने शराब की दुकानों के आसपास, बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान खुले में शराब का सेवन करते मिले 1,351 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से अक्सर शांति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए पुलिस टीमों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने शराब की दुकानों के आसपास विशेष निगरानी रखी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जिले में कुल 123 स्थानों पर चेकिंग और पुलिस भ्रमण किया गया। इस दौरान खुले में शराब का सेवन करते पाए गए लोगों को चिन्हित किया गया। पुलिस ने संबंधित लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब नहीं पीने की हिदायत दी और नियमानुसार उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
सार्वजनिक जगह पर शराब पी तो होगी कार्रवाई महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने, नशे की हालत में सार्वजनिक शांति भंग करने अथवा आमजन को असुविधा पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि शराब की दुकानों और उनके आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि नशे में किसी तरह का हुड़दंग या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)