खुटार में एक ही कुत्ते ने 56 लोगों को काटा:साप्ताहिक बाजार जाते समय हमला, सीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन लगी
शाहजहांपुर के खुटार नगर में शनिवार को साप्ताहिक बाजार में खरीदारी के लिए जा रहे लोगों पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। गुलनाथ मंदिर से बंडा चौराहे तक के क्षेत्र में कुत्ते के काटने से महिला और पुरुष समेत करीब 56 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई। शनिवार को खुटार नगर में साप्ताहिक बाजार लगता है। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए घरों से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से लोग दहशत में आ गए। कुत्ते के हमले में करीब 56 लोग घायल हो गए। इसके बाद सभी उपचार के लिए सीएचसी पहुंचे।
सुबह 11 बजे से अस्पताल पहुंचने लगे घायल सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे से कुत्ते के काटने के मामले लेकर लोग अस्पताल पहुंचने लगे थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि वैक्सीन लगवाने वाले सभी लोगों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अगली खुराक लगवाने की सलाह दी गई है, ताकि रेबीज से बचाव के लिए टीकाकरण का क्रम पूरा हो सके।
आवारा कुत्तों को लेकर बढ़ी चिंता कुत्ते के हमले में घायल बताए गए लोगों में दिव्या, शिवपूजन, अतुल, सुमित, किशन पाल, उषा और मीरा समेत अन्य लोग शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत जताई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)