क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे डॉक्टर की मौत:बारिश में सामने से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर, बेटा घायल; पुलिस जांच में जुटी
गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में 58 वर्षीय डॉक्टर तुषार बनर्जी की मौत हो गई। वह पिछले 35 साल से सिंगहाचंदा चौराहे के पास प्राइवेट क्लीनिक चला रहे थे। हादसा रात करीब 11 बजे नरायनपुर पुल के पास हुआ। डॉक्टर क्लीनिक बंद कर अपने बेटे संजीव बनर्जी (26) के साथ बाइक से तरबगंज बाजार स्थित कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बारिश में सामने से आए वाहन ने मारी टक्कर बताया गया कि हादसे के समय बारिश हो रही थी। संजीव ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि डॉक्टर तुषार बनर्जी ने हेलमेट नहीं लगाया था। बेटे के मुताबिक, बारिश के कारण सामने से आ रहे वाहन को ठीक से नहीं देख सके। साइड लेने के दौरान चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में डॉक्टर सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे डॉक्टर तुषार बनर्जी की मौत हो गई। संजीव को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
35 साल पहले बंगाल से आकर शुरू की थी क्लीनिक डॉक्टर तुषार बनर्जी मूल रूप से बंगाल के रहने वाले थे। उन्होंने बीएएमएस की डिग्री हासिल की थी। करीब 35 साल पहले गोंडा आए थे और सिंगहाचंदा चौराहे के पास प्राइवेट क्लीनिक शुरू की थी। वह तरबगंज बाजार में पत्नी मिताली बनर्जी और दो बेटों संजीव (26) और दीप (16) के साथ रहते थे।
बेटे ने कहा- बारिश के कारण वाहन दिखाई नहीं दिया मृतक के बेटे संजीव बनर्जी ने बताया, “देर रात हम लोग बाइक से जा रहे थे। हेलमेट लगा रखा था। बारिश होने के कारण सामने ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। साइड लेने के दौरान सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। पापा सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज लेकर आए, जहां उनकी मौत हो गई।” संजीव ने बताया कि बारिश के कारण यह पता नहीं चल सका कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। उन्होंने कहा कि शव घर ले जाने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा तरबगंज थाना पुलिस ने डॉक्टर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी श्रीधर पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)