कमालगंज से कल निकलेगी गजानन विसर्जन यात्रा:20 हजार श्रद्धालु होंगे शामिल, सुबह 5 बजे से रहेगा रूट डायवर्ट
फर्रुखाबाद में गणेश महोत्सव पूरे जिले में मनाया जाता है, लेकिन कमालगंज में इसका बड़ा आयोजन होता है। शुक्रवार को कमालगंज से गणेश विसर्जन यात्रा शहर के पांचाल घाट के लिए निकलेगी। इस यात्रा में 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु शामिल होंगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कमालगंज में गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार को उनका विसर्जन होगा। यात्रा सुबह 9 बजे शुरू होगी और शहर के पांचाल घाट के लिए रवाना होगी। यह शाम तक पांचाल घाट पहुंचेगी। श्रद्धालु 10 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे।
यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि शोभा यात्रा के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। 10 से ज्यादा निरीक्षक और 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पीएसी और दमकल की टीम भी लगाई गई है। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। आयोजकों ने भी अपने वॉलंटियर लगाए हैं। यात्रा के दौरान रूट भी डायवर्ट किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फर्रुखाबाद के आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारियों से भी बात हो चुकी है। यह डायवर्जन शुक्रवार सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगा।
कन्नौज से गुरसहायगंज होते हुए फर्रुखाबाद आने वाले वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की तरफ मोड़ा जाएगा। छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को मैनपुरी के बेवर की तरफ डायवर्ट किया गया है। बेवर (मैनपुरी) की ओर से फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को बेवर में ही रोका जाएगा। एटा से फर्रुखाबाद आने वाले वाहनों को एटा जिले की अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के बॉर्डर पर रोका जाएगा। शाहजहांपुर से फर्रुखाबाद आने वाले मालवाहक वाहनों को अल्लाहगंज और हुल्लापुर में रोका जाएगा। शमशाबाद आने वाले मालवाहक वाहनों को जरियनपुर में रोका जाएगा। हरदोई जनपद से फर्रुखाबाद आने वाले वाहनोंको सवायजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूपापुर में रोका जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)