कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत:एटा से देहांत कार्यक्रम से लौट रहे थे दंपति, पति अस्पताल में भर्ती
एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुलाबपुर गांव के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पति को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, हाथरस जिले के सिकंदराऊ थाना क्षेत्र के गांव अग्रना निवासी राजकुमार (35) अपनी पत्नी राजकुमारी (33) के साथ एटा आए थे। दोनों कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सिराव में रिश्तेदार के यहां आयोजित एक देहांत कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। शाम करीब 5 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। सड़क पर गिरे दंपति, चीख-पुकार सुनकर जुटी भीड़ जैसे ही दंपति की बाइक पिलुआ क्षेत्र के गुलाबपुर गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अस्पताल पहुंचने पर महिला को मृत घोषित किया सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज एटा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजकुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। घायल राजकुमार के भतीजे यादराम सिंह ने बताया कि राजकुमारी उनकी बुआ थीं और दोनों देहांत कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पिलुआ थाना प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और कैंटर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)