कन्हर नदी के तेज बहाव में फंसे एक ही परिवार के तीन लोग, 13 घंटे बाद रेस्क्यू
भास्कर न्यूज | बलरामपुर विकासखंड के ग्राम कोटपाली-खजुरी के पास शनिवार को कन्हर नदी में पानी का बहाव अचानक तेज होने से एक ही परिवार के तीन ग्रामीण बीच नदी में फंस गए। तीनों नदी पार कर अपने गांव परसाटोली लौट रहे थे। नदी पार करते समय शुरुआत में पानी का स्तर कम था, लेकिन बीच धार में पहुंचते ही अचानक जलस्तर बढ़ गया। इससे तीनों ग्रामीण बहने से बचने के लिए नदी के बीच बने रेत के टीले पर पहुंच गए। इसके बाद वे कई घंटे तक तेज बहाव के बीच फंसे रहे। घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। नदी के बीच फंसे ग्रामीणों में सूरज पिता लंगड़ा चेरवा, राजकुमारी पति सरजू और फूलमनिया पति बेसर शामिल थे। तीनों ग्राम परसाटोली के रहने वाले हैं। बताया गया कि सूरज के दामाद की तबीयत खराब थी। उसकी तबीयत की जानकारी लेने के लिए तीनों ग्राम कोटपाली गए थे। अगले दिन शनिवार को वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कन्हर नदी पार करते समय अचानक पानी बढ़ गया और वे बीच नदी में फंस गए। काफी देर तक ग्रामीणों के नदी के बीच फंसे होने की जानकारी सामने नहीं आई। उनकी आवाज सुनकर शाम को स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटना की जानकारी जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। रात में एसडीआरएफ की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम नाव लेकर नदी के बीच फंसे ग्रामीणों तक पहुंचने का प्रयास करने लगी। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे तीनों ग्रामीणों को नाव के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बारिश के समय नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर संभाग में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पहाड़ी नदी होने के कारण कन्हर में बारिश के बाद अचानक पानी बढ़ने की स्थिति बनती है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जिला प्रशासन, नगर सेना की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने ग्रामीणों से नदी में तेज बहाव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा ऐसे समय नदी पार नहीं करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)