कन्नौज में औरैया-कन्नौज स्टेट हाईवे पर गड्ढे:डिवाइडर के दोनों तरफ सड़क बदहाल, बजरी डालकर की गई मरम्मत भी बेअसर

Oct 11, 2026 - 13:50
0
कन्नौज में औरैया-कन्नौज स्टेट हाईवे पर गड्ढे:डिवाइडर के दोनों तरफ सड़क बदहाल, बजरी डालकर की गई मरम्मत भी बेअसर
कन्नौज में औरैया-कन्नौज स्टेट हाईवे की बदहाली राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर डिवाइडर के दोनों तरफ जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इनकी न तो ठीक से मरम्मत कराई गई और न ही नई सड़क का निर्माण कराया गया। हालात यह हैं कि तेज रफ्तार वाहनों के पहिए अचानक गड्ढों में चले जाने से कार, बाइक और ऑटो अनियंत्रित हो जाते हैं। कई बार वाहन सवार चोटिल हो जाते हैं। स्टेट हाईवे से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा सवारियों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गड्ढों से बचने के प्रयास में चालक अचानक वाहन मोड़ते हैं, जिससे दूसरे वाहनों से टकराने का खतरा भी बना रहता है। वहीं, गड्ढों में पहिया पड़ने से ई-रिक्शा और ऑटो का संतुलन बिगड़ जाता है। इससे सवारियों के चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। गड्ढों में पलट जाते हैं ई-रिक्शा गागेमऊ गांव निवासी राजीव पाल ई-रिक्शा चलाते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क पर गड्ढों के कारण अक्सर ई-रिक्शा पलटने की नौबत आ जाती है। अचानक पहिया गड्ढे में जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और उसमें बैठी सवारियों को चोट लग जाती है। इसके बाद सवारियां ई-रिक्शा चालकों से झगड़ने लगती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण वाहन चालकों को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ती है। यदि गड्ढों की मरम्मत करा दी जाए तो हादसों की आशंका कम हो सकती है। बजरी डालकर भरे गड्ढे, कुछ दिन में उखड़ी राहगीर शिवम ने बताया कि करीब तीन से चार महीने पहले सड़क पर गड्ढे हो गए थे। कुछ समय पहले गड्ढों को बजरी डालकर भरने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह मरम्मत ज्यादा दिन तक नहीं टिक सकी। वाहनों की आवाजाही से बजरी गड्ढों से निकलकर सड़क पर फैल गई। इससे सड़क की हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई। बजरी पर वाहन फिसलने से राहगीरों के चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और राहगीरों को उम्मीद है कि जिम्मेदार विभाग जल्द सड़क की स्थिति सुधारेगा। लोगों का कहना है कि केवल बजरी डालकर औपचारिक मरम्मत करने के बजाय गड्ढों को स्थायी रूप से भरकर सड़क को दुरुस्त कराया जाना चाहिए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और आए दिन होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User