कन्नौज में नवोदय स्कूल में सीएम से रैगिंग की शिकायत:7वीं के छात्र की पिटाई का आरोप, डर से स्कूल नहीं जा रहा बेटा
कन्नौज के जवाहर नवोदय स्कूल में रैगिंग मामले को लेकर पीड़ित छात्र के पिता ने सीएम को पत्र भेज कर शिकायत की है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सीनियर छात्रों के डर की वजह से बेटा स्कूल जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा। जबकि इस मामले में आरोपी छात्रों पर कार्यवाही को लेकर न तो स्कूल प्रशासन ने कोई जानकारी दी और न ही पुलिस की ओर से कोई कार्यवाही की गई। मामला 6 अक्टूबर 2026 की शाम का है।जब जवाहर नवोदय विद्यालय अनौगी में इंटरमीडिएट के कुछ छात्रों ने रैगिंग के चलते कक्षा 7 के छात्र को कमरे में बन्द कर जबरदस्त पिटाई कर दी थी। इस मामले में पीड़ित छात्र के पिता संजीव कुमार ने विद्यालय पहुंच कर प्रधानाध्यापक से बात की तो उन्होंने कार्यवाही का भरोसा दिया था। इसके अलावा गुरसहायगंज कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने बात सुने बिना ही उन्हें वापस लौटा दिया। जिसके अगले ही दिन संजीव कुमार ने अपने बेटे के साथ एसपी बिनोद कुमार से मुलाकात की और उन्हें शिकायती पत्र सौंपा। पुलिस की तरफ से कार्यवाही की करीब 1 सप्ताह बीतने के बाद भी न तो स्कूल स्टाफ ने उनसे कोई सम्पर्क किया और न ही रैगिंग करने वाले छात्रों पर पुलिस की तरफ से कार्यवाही की कोई सूचना दी गई। जिससे परेशान होकर तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पचौर गांव निवासी संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की है। इसके अलावा उन्होंने एक पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रमुख आयुक्त और डीएम व एसपी को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायती पत्र भेजा है। संजीव कुमार ने बताया कि रैगिंग के कारण बेटा डरा हुआ है। वह कॉलेज जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा। जिस तरह का वहां छात्रों के बीच माहौल है, उस हिसाब से हम लोग भी बच्चे को भेजने की हिम्मत नहीं कर पा रहे। जिससे उसकी पढ़ाई भी डिस्टर्ब हो रही है। इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाध्यापक सन्देश कुमार पांडेय से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने पूरी बात सुने बिना ही कॉल कट कर दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)