कोठी मीना बाजार में 8 इंच की गंगाजल लाइन फटी:लाखों लीटर पानी बर्बाद, सड़क धंसी, नहीं हुई लाइन की मरम्मत
आगरा के कोठी मीना बाजार तिराहे पर पक्षीघर के पास मंगलवार को पानी की 8 इंच व्यास की मुख्य पाइपलाइन फट गई। इससे सड़क पर लाखों लीटर गंगाजल बह गया और सड़क पर किया गया भराव धंस गया। मंगलवार को लाइन टूटी लेकिन बुधवार तक ठीक नहीं हो सकी, जिसके चलते हजारों घरों में पानी का संकट बना रहा। जानकारी के मुताबिक सिकंदरा वाटरवर्क्स से शाहगंज स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन को जाने वाली 8 इंच की मुख्य पाइपलाइन में मंगलवार शाम को लीकेज हो गया। जलापूर्ति के समय प्रेशर तेज होने से पाइपलाइन फट गई। चंद मिनटों में ही पक्षीघर से जूता मंडी तक सड़क पर पानी भर गया। बताया गया कि इस सड़क पर सीएम ग्रिड योजना के तहत डक्ट निर्माण का काम चल रहा है। ठेकेदार द्वारा सड़क की खुदाई की गई थी। पानी के तेज बहाव से खुदाई वाला हिस्सा धंस गया। इससे पहले से ही एक लेन बैरिकेडिंग कर बंद थी। शाम से रात तक यहां भीषण जाम लगा रहा। वाहन रेंग-रेंग कर निकले। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर भेजी गई। मुख्य वाल्व बंद कर पानी की सप्लाई रोकी गई। लाइन में भरे पानी को निकालने के लिए डी-वाटरिंग शुरू की गई। रात में ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया था, लेकिन बुधवार दोपहर तक लाइन ठीक नहीं हो सकी। लाइन फटने से शाहगंज, जयपुर हाउस, कोठी मीना बाजार, पक्षीघर और आसपास की कॉलोनियों में जलापूर्ति ठप हो गई। बुधवार सुबह भी हजारों घरों में नलों से पानी नहीं आया। लोगों को टैंकर और सबमर्सिबल से काम चलाना पड़ा। विभाग का कहना है कि बुधवार शाम तक लाइन जोड़कर जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कुछ इलाकों में गुरुवार तक भी आपूर्ति प्रभावित रह सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)