कपड़ा व्यापारी के 50 हजार चोरी करने वाला जेल गया:सगे भाई के साथ करता था चोरी, खंडहर में छिपायी थी रकम, हिस्ट्रीशीट खुलेगी
टाटमिल से घंटाघर आने के लिए आटो में सवार कपड़ा व्यापारी के बैग काटकर 50 हजार रुपये पार करने वाले आरोपी को बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के पास स्थित संकट मोचन मंदिर के पास खंडहर से चोरी की गई रकम बरामद की। एसीपी कलक्टरगंज ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अपने सगे भाई के साथ वारदातों को अंजाम देता था, उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ चकेरी, फीलखाना, हरबंश मोहाल, अनवरगंज, बर्रा समेत कई थानों में 17 मुकदमे दर्ज है। आरोपी की हिस्ट्रीशीटर खोली जाएगी। फतेहपुर के कपड़ा व्यापारी के पार किए थे पैसे फतेहपुर जनपद के गाजीपुर निवासी कपड़ा व्यापारी हारून मंगलवार दोपहर टाटमिल से घंटाघर आने के लिए आटो में बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में आटो में सवार एक व्यक्ति ने मौका पाकर उनके बैग को काट दिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी अपने साथी के साथ भागने की फिराक में था। घंटाघर के पास उतरने पर हारून को बैग कटने और रुपये गायब होने की जानकारी हुई। इसी दौरान उन्होंने बैग काटने के आरोपी को बाइक से भागते देखा। व्यापारी ने उसका पीछा किया और उसे बाइक समेत पकड़ लिया। हालांकि, उसका साथी मौके से भाग निकला था। पीड़ित ने आरोपी को कलक्टरगंज पुलिस को सौंपा, जिस पर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी न दिखाकर तहरीर बदलवाने का दबाव बनाने लगी। सूचना पर भाजपा बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता और नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेषनारायण त्रिवेदी मौके पर पहुंचे थे। जहां व्यापारियों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई थी, हंगामे की सूचना पर एसीपी कलक्टरगंज आकांक्षा पांडेय मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया था। एसीपी ने बताया कि बुधवार को मूलरूप से कन्नौज व वर्तमान रूप से शिवकटरा लाल बंगला निवासी राजीव को जेल भेजा गया है। खंडहर में छिपायी थी रकम चोरी के बाद आरोपी ने पैसे अपने भाई को दे दिए थे। जो उसने रेलवे स्टेशन के पास स्थित संकट मोचन मंदिर के पास एक खंडहर में छिपा दिए थे, आरोपी की निशानदेही पर पूरी रकम बरामद की गई है। एसीपी ने बताया कि आरोपी अपने सगे भाई विकास के साथ घटनाओं को अंजाम देता था, विकास फरार है। उसकी तलाश में टीम लगी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)