कृषि विवि में 100 एकड़ में लगेगा सोलर प्लांट:हर साल 7 करोड़ रुपये की बचत होगी, 52वें स्थापना दिवस पर 17 कर्मचारी सम्मानित
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज का 52वां स्थापना दिवस शनिवार 10 अक्टूबर को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति ने स्थापना दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान और कृषि तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। विद्यार्थियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय के संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया। कुलपति ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की पहल के तहत विश्वविद्यालय की 100 एकड़ भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना है। इससे करीब 40 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। साथ ही विश्वविद्यालय को हर साल लगभग सात करोड़ रुपये के बिजली बिल की बचत होगी। इस धनराशि का उपयोग शिक्षा और अनुसंधान की सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सकेगा। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों से विश्वविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने तथा गुरुकुल जैसी शैक्षणिक परंपरा के अनुरूप अध्ययन-अध्यापन का वातावरण तैयार करने की अपील की। कुलसचिव डॉ. पीएस प्रमाणिक ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. भगवान दीन ने पूर्व कुलपतियों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम के आयोजक सचिव एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मीडिया प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. सत्यव्रत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। ये कर्मचारी हुए सम्मानित सम्मानित कर्मचारियों में अमरजीत सिंह, सतीश कुमार, अरविंद कुमार, कीर्ति सिंह यादव, राम लगन तिवारी, हरि शंकर पांडेय, अंकित कुमार, राम आधार, राम वचन वर्मा, सरजू प्रसाद, काशीराम, बड़कऊ, प्रसन्नजीत विश्वास, बैजनाथ, उमेश कुमार, प्रमोद कुमार और शिवमोहन वर्मा शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)