करंट से मरे युवकों के परिजनों से मिले AIMIM नेता:मऊ में भाजपा-सपा पर हमला, बोले- नाम बदलने से विकास नहीं होगा
मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद में विद्युत करंट की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता शौकत अली इस्लामाबाद पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अयोध्या दौरे, भाजपा-सपा की राजनीति, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर अपनी बात रखी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर शौकत अली ने कहा कि उन्हें वहां जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, "गए थे तो अच्छी बात है, जाएं। यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है।" उन्होंने कहा कि देश में राम को मानने वाले भी हैं और रावण को मानने वाले भी हैं। शौकत अली ने भाजपा और सपा दोनों पर निशाना साधा अखिलेश यादव की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने के सवाल पर शौकत अली ने भाजपा और सपा दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक चुनौती देने के बावजूद अंदरूनी मिलीभगत है। राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे दोनों दलों के बीच 'नूरा-कुश्ती' करार दिया। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के विचार संबंधी सवाल पर शौकत अली ने तंज कसते हुए कहा कि अगर नाम बदलने से विकास हो सकता है तो पूरे हिंदुस्तान का नाम ही बदल दिया जाए। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से विकास नहीं होने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट था और बाद में उन्होंने योगी आदित्यनाथ नाम अपनाया। शौकत अली ने कहा कि नाम बदलने से विकास की समस्याओं का समाधान नहीं होता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)