करंट से युवक की मौत,परिजनों ने किया हंगामा:मेडिकल कॉलेज गेट पर लगाया जाम, पुलिस पर निजी काम कराने का लगाया आरोप
हरदोई के सवायजपुर क्षेत्र के रूपापुर में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे सूरज (24) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को हादसे के बाद उसे सीएचसी सवायजपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में परिजन हरदोई मेडिकल कॉलेज के गेट पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और परिवार को जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। मृतक के मामा अजय का आरोप है कि सूरज रूपापुर में जूता पॉलिश का काम करता था और उसे कैमरा लगाने का काम नहीं आता था। इसके बावजूद उससे यह काम कराया जा रहा था। परिवार का कहना है कि अगर उससे उसकी जानकारी के मुताबिक ही काम कराया जाता तो हादसा टल सकता था। सीढ़ी 11 हजार वोल्ट लाइन से छुई मामा अजय के मुताबिक 7 अक्टूबर को सूरज को रूपापुर में एक खंभे पर कैमरा लगाने के लिए कहा गया था। वह लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहा था। मुंडेर की तरफ से रूपापुर जाते समय पेट्रोल पंप के पास सीढ़ी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। करंट उतरने से सूरज गंभीर रूप से झुलस गया।
सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया हादसे के बाद सूरज को उपचार के लिए सीएचसी सवायजपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूरज की मौत से पत्नी, बेटी और बुजुर्ग माता-पिता के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। मेडिकल कॉलेज गेट पर लगाया जाम गुरुवार को सूरज के परिजन बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज के गेट पर पहुंचे और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। परिजनों का कहना था कि सूरज ही परिवार की कमाई का मुख्य सहारा था। वह जूते पॉलिश कर पत्नी, बेटी और माता-पिता का पालन-पोषण करता था। अफसरों के आश्वासन पर खुला रास्ता जाम की सूचना पर सीओ सिटी अजीत सिंह, हरपालपुर सीओ प्रवीण यादव और शहर कोतवाल संजय त्यागी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब 25 मिनट बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो गया। परिवार ने प्रशासन से जल्द जांच पूरी कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)