कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को मिलेगा ‘माटी सम्मान-9’:10 अक्टूबर को लखनऊ में समारोह, विश्वविद्यालय परिवार में खुशी

Oct 03, 2026 - 17:05
0
कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को मिलेगा ‘माटी सम्मान-9’:10 अक्टूबर को लखनऊ में समारोह, विश्वविद्यालय परिवार में खुशी
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को भारतीय शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘माटी सम्मान-9’ के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान पूर्वांचल की कला, संस्कृति एवं विकास के लिए समर्पित संस्था ‘माटी’ की ओर से आयोजित ‘पूर्वांचल महोत्सव माटी-9’ के तहत प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह 10 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित संगीत नाटक अकादमी में आयोजित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शनिवार को बताया गया कि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को शैक्षणिक क्षेत्र में उनके योगदान तथा उच्च शिक्षा और कृषि शिक्षा के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए इस सम्मान के लिए चुना गया है। उनके चयन को विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूर्वांचल क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बताया गया है। ‘पूर्वांचल महोत्सव माटी-9’ में कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, साहित्यिक संवाद, पूर्वांचली संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम तथा पारंपरिक खान-पान की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन का उद्देश्य पूर्वांचल की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराना है। ‘माटी सम्मान’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली उन विभूतियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से पूर्वांचल की पहचान और गौरव को बढ़ाया है। इससे पहले सांसद एवं अभिनेता रवि किशन, अभिनेत्री शबाना आजमी और लोक गायिका मालिनी अवस्थी समेत विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां इस सम्मान से सम्मानित हो चुकी हैं। डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के ‘माटी सम्मान-9’ के लिए चयनित होने की जानकारी मिलने पर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए उपलब्धि बताया। विश्वविद्यालय परिवार का कहना है कि यह सम्मान कृषि एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान देने वाला है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User