लाखों रुपए एडवांस लेकर फरार मूर्तिकार पर मुकदमा दर्ज:दुर्गा पूजा से पहले 110 समितियों पर संकट: बनाई अधूरी मूर्तियां, 26-27 सितंबर की रात गायब हुआ मूर्तिकार

Oct 06, 2026 - 07:34
0
लाखों रुपए एडवांस लेकर फरार मूर्तिकार पर मुकदमा दर्ज:दुर्गा पूजा से पहले 110 समितियों पर संकट: बनाई अधूरी मूर्तियां, 26-27 सितंबर की रात गायब हुआ मूर्तिकार
अयोध्या में दुर्गा पूजा से ठीक पहले शहर की 110 से ज्यादा पूजा समितियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। समितियों से लाखों रुपए एडवांस लेने के बाद मूर्तिकार उत्तम पाल फरार हो गया। कई दुर्गा प्रतिमाएं अधूरी पड़ी हैं। मूर्तिकार के गायब होने से पूजा समितियों में नाराजगी है। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। समिति अध्यक्ष के मुताबिक अयोध्या में हर साल नवरात्र के दौरान बड़े स्तर पर दुर्गा पूजा महोत्सव होता है। इसके लिए पूजा समितियां पहले से मूर्तिकारों को एडवांस देती हैं। इस बार भी 110 से ज्यादा समितियों ने मूर्तिकार उत्तम पाल निवासी पाटिल, थाना पूर्वस्थली, जिला वर्धमान, पश्चिम बंगाल को अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपए का भुगतान किया था। एडवांस लिया, लेकिन मूर्तियां पूरी नहीं कीं समितियों का आरोप है कि एडवांस लेने के बाद मूर्तिकार ने कई प्रतिमाओं का काम पूरा नहीं किया। कुछ मूर्तियां आधी-अधूरी स्थिति में हैं। इसी बीच 26 और 27 सितंबर की रात मूर्तिकार के फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद समितियों में हड़कंप मच गया। पूजा का समय नजदीक होने से अब समितियों के सामने नई जगह मूर्तियां तैयार कराने की चुनौती है। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर मूर्तिकार का पता लगाने और समितियों की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि एडवांस लेकर फरार मूर्तिकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। इसके लिए टीम गठित की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User