लिसाढ़ के विश्वजीत ने नेशनल कुराश चैंपियनशिप जीता:करनाल के असंध में स्कूल की ओर से लिया हिस्सा, गांव में खुशी का माहौल
शामली के गांव लिसाढ़ निवासी 16 वर्षीय छात्र विश्वजीत ने हरियाणा के करनाल जिले के असंध कस्बे में आयोजित नेशनल सब जूनियर कुराश चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वजीत ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। विश्वजीत पुत्र मनोज मलिक मेरठ जनपद के खरखौदा स्थित प्रताप पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं के छात्र हैं। उन्होंने 3 अक्टूबर को करनाल के असंध में आयोजित नेशनल सब जूनियर कुराश चैंपियनशिप में अपने स्कूल की ओर से प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विश्वजीत ने बताया कि खेल के प्रति उनकी रुचि बचपन से रही है। प्रतियोगिता के लिए उन्होंने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, स्कूल के शिक्षकों और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उनका कहना है कि आगे भी वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं। विश्वजीत की उपलब्धि की जानकारी गांव में पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों ने बताया कि विश्वजीत पढ़ाई के साथ खेल में भी लगातार मेहनत करता है। उसकी सफलता से परिवार को गर्व है। ग्रामीणों और परिचितों ने विश्वजीत को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिजनों का कहना है कि विश्वजीत की इस उपलब्धि से गांव के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)