लखीमपुर-खीरी में ग्रामीण के घर घुसा मगरमच्छ:मैलानी रेंज की टीम ने सतर्कता से किया रेस्क्यू, सुरक्षित पकड़कर शारदा नदी में छोड़ा
लखीमपुर खीरी जिले के बांकेगंज क्षेत्र स्थित मोतीपुर गांव में शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय मगरमच्छ ग्रामीण विजय कुमार के घर में जा घुसा। घर के भीतर मगरमच्छ को देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और पूरे गांव में दहशत फैल गई। गनीमत यह रही कि परिजनों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। शनिवार तड़के करीब तीन बजे सूचना मिलते ही मैलानी रेंज बफर जोन की वन टीम बिना कोई देरी किए तुरंत मौके पर पहुंच गई। रात के अंधेरे और ग्रामीणों के बीच बने डर के माहौल को देखते हुए वनकर्मियों ने बेहद सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन टीम ने शारदा नदी के गहरे पानी में छोड़ा वन टीम ने आधुनिक संसाधनों और अपनी कुशलता का परिचय देते हुए मगरमच्छ को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित काबू में कर लिया। इसके बाद उसे गांव से दूर ले जाकर शारदा नदी के गहरे जल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और टीम की जमकर सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा प्रदीप कुमार पांडेय और वन रक्षक सागर कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। अभियान में न्यूनतम वेतन कर्मी अकबर, राम लड़ैते, राम सिंह, भूपराम तथा बीट वाचर राधेश्याम, विपिन, पिंटू और मेवालाल सहित अन्य वनकर्मी मुख्य रूप से शामिल रहे। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलभराव या नदी तटीय क्षेत्रों के आसपास सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)