लखीमपुर-खीरी में किसान की पेड़ की टहनी गिरने से मौत:कांप में खेत पर काम करते समय हुआ हादसा, सिर पर लगी गंभीर चोटें
*बिजुआ खीरी।* जनपद लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कांप के मजरा उत्तर टांडा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर काम करने गए एक किसान की पेड़ की टहनी टूटकर सिर पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान बलराम पुत्र भजन सिंह निवासी उत्तर टांडा, ग्राम पंचायत कांप ब्लॉक बिजुआ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज दिनांक 17.10.2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे बलराम अपने जंगल के किनारे स्थित खेत पर गए हुए थे। खेत पर काम के दौरान वह एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक ऊपर से एक बड़ी सूखी टहनी टूटकर सीधे उनके सिर पर आ गिरी। टहनी लगने से उनके सिर पर गहरी चोट आई और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें घायल अवस्था में देखा तो तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन भागते हुए खेत पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में घर लेकर आए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर पहुंचते ही बलराम ने दम तोड़ दिया। मृतक बलराम अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। परिवार के इकलौते कमाने वाले की असमय मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मैलानी थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव वालों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)