लखीमपुर में छात्रों से भरी बोलेरो डूबी:शोर पर ग्रामीणों ने बचाई जान, चालक पर लापरवाही का आरोप
लखीमपुर खीरी के मुल्लापुर गांव के पास शनिवार सुबह छात्रों से भरी बोलेरो उफनते छोहे में डूब गई। मुल्लापुर के पास पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इसी दौरान चालक ने पानी के बीच से वाहन निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में बोलेरो अनियंत्रित होकर पानी में डूब गई। वाहन में बैठे छात्रों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी छात्रों के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बोलेरो मोहम्मदी के यूडी चिल्ड्रेन्स एकेडमी की थी और छात्रों को स्कूल ले जाने के लिए जा रही थी। मुल्लापुर के छोहे पर बने पुल से पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा था। इसके बावजूद चालक ने वाहन को पानी के बीच से निकालने की कोशिश की। तेज बहाव के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो पानी में डूबने लगी। वैन में सवार छात्रों ने घबराकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला वाहन डूबता देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। सत्यपाल उर्फ रामू कश्यप समेत अन्य लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बोलेरो में मुन्फ्फरपुर निवासी प्रशांत पुत्र सुग्रीव, विशाल पुत्र नन्हे और नरदी निवासी अंश यादव समेत अन्य बच्चे सवार थे। बच्चों के सुरक्षित निकलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पानी के तेज बहाव में डूबी बोलेरो ग्रामीणों के मुताबिक, पुल के ऊपर से छोहे का पानी बह रहा था और बहाव काफी तेज था। वाहन को निकालने के प्रयास में वह बहाव की चपेट में आ गया। घटना के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पसगवां एसएचओ जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जाएगी। चालक की लापरवाही से वाहन तेज बहाव में ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)