लखीमपुर में नजूल की जमीन पर बनी दुकान ध्वस्त:नगर पालिका ने JCB से गिराया निर्माण; पहले भी हटाया गया था, दोबारा बना दी गई थी दुकान
लखीमपुर खीरी में शहर की कामनाथ मार्केट में नजूल की जमीन पर कथित तौर पर रातोंरात बनाई गई दुकान को सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि कामनाथ मार्केट में जिस जगह दुकान का निर्माण कराया गया था, वह नजूल की भूमि है। उनके मुताबिक निर्माणकर्ता के पास जमीन के आवंटन या पट्टे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं है। इसके बावजूद दुकान का निर्माण कराया गया और हाल में उसकी छत भी डाल दी गई थी। एक साल पहले भी हटाया गया था निर्माण ईओ के अनुसार, करीब एक साल पहले भी प्रशासन ने इस निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस समय निर्माण को हटा दिया गया था। आरोप है कि पिछले दिनों रात के अंधेरे में दोबारा दुकान का निर्माण करा दिया गया। जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका और राजस्व विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम सोमवार को नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद जेसीबी की मदद से दुकान को ध्वस्त करा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक नजूल की जमीन पर बिना अनुमति और वैध अभिलेखों के निर्माण किए जाने के कारण कार्रवाई की गई है। पुलिस बल रहा तैनात कार्रवाई के दौरान अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार, राजस्व निरीक्षक फैज खान, सफाई खाद निरीक्षक विशाल शुक्ला और मुरारीलाल, सर्वेयर अमित सोनी तथा जेल गेट चौकी प्रभारी समेत पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर बिना वैध अनुमति किए गए निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)