लखनऊ में 7 लोगों से 66.69 लाख की साइबर ठगी:सोने की खदान में निवेश, ट्रेडिंग और APK फाइल से लगाया चूना
लखनऊ में साइबर जालसाजों ने सोने की खदान में निवेश, शेयर ट्रेडिंग और एपीके फाइल के जरिए आठ लोगों के बैंक खातों से 67.68 लाख रुपए पार कर दिए। ठगों ने किसी को मोटे मुनाफे का लालच दिया, तो किसी का मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाल ली। वहीं, डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन नंबर खोजना भी एक परिवार को महंगा पड़ गया। पीड़ितों की शिकायत पर अलीगंज, मड़ियांव, कैसरबाग, हुसैनगंज, जानकीपुरम, बिजनौर, विभूतिखंड और पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, सभी मामलों की जांच साइबर सेल कर रही है। सोने की खदान में निवेश के नाम पर 25.12 लाख ठगे अलीगंज सेक्टर-सी निवासी काशी प्रसाद यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक के जरिए उन्हें गोल्ड मिरैकल लिमिटेड कंपनी के बारे में पता चला। कंपनी से संपर्क करने पर आरोपियों ने सोने की खदानों में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद उन्हें एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद काशी प्रसाद ने कई बार में 25.12 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने अलग-अलग शुल्क के नाम पर 70 लाख रुपये की मांग की। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर 11.92 लाख का लगाया चूना मड़ियांव की शंकरपुरी कॉलोनी निवासी विजय वर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें 'इनवेस्टमेंट एलायंस' नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के जरिए आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर विजय ने 11.92 लाख रुपये निवेश कर दिए। हालांकि, उन्हें न तो मुनाफे की रकम मिली और न ही मूलधन वापस हुआ। इसके बाद पीड़ित ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 4 लाख कैसरबाग के मकबूलगंज निवासी हिमानी पंजाबी का मोबाइल 8 अक्टूबर को शाम करीब 6:15 बजे साइबर जालसाजों ने हैक कर लिया। इसके बाद कई बार में उनके बैंक खाते से चार लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने कैसरबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के खाते से 3 लाख पार हुसैनगंज की मजार वाली गली निवासी शाहनूर के बैंक खाते से भी साइबर ठगों ने तीन अक्टूबर को तीन लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने हुसैनगंज थाने में शिकायत की है। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के चक्कर में 1.82 लाख गंवाए: बिजनौर के गीतांजलि पुरम निवासी राजीव कुमार की पत्नी की 11 सितंबर को तबीयत खराब थी। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए उनकी बेटी ने सोशल मीडिया से मोबाइल नंबर खोजा। संपर्क करने पर आरोपी ने राजीव की पत्नी के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजी और पांच रुपये भुगतान करने को कहा। बेटी ने फाइल डाउनलोड कर ली, जिसके बाद खाते से 1.82 लाख रुपये निकल गए। दो लोगों के खाते से 4.45 लाख निकाले: जानकीपुरम के गोडियन पुरवा निवासी शिवम कश्यप के खाते से साइबर ठगों ने 2.70 लाख रुपये पार कर दिए। वहीं, विभूतिखंड के विजयंतखंड निवासी जयकर लाल के बैंक खाते से 1.75 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों पीड़ितों ने संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)