लखनऊ में 11 स्कूलों की बैंड प्रतियोगिता आयोजित:LPS राजाजीपुरम-विनम्र खंड की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया, नशामुक्ति का संदेश दिया
लखनऊ के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में शनिवार को जनपदीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। इसमें शहर के 11 विद्यालयों की बैंड टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के ब्रास बैंड और पाइप बैंड के मुकाबले हुए। एलपीएस राजाजीपुरम और विनम्र खंड की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। बालक ब्रास बैंड वर्ग में एलपीएस राजाजीपुरम ने पहला, सरस्वती विद्या मंदिर अलीगंज ने दूसरा और सेंट क्लेयर्स स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालक पाइप बैंड वर्ग में सीएमएस गोमती नगर की टीम पहले और महर्षि विद्या मंदिर आईआईएम रोड की टीम दूसरे स्थान पर रही। देखिए 3 तस्वीरें… चार वर्गों में हुई प्रतियोगिता बालिका ब्रास बैंड वर्ग में एलपीएस राजाजीपुरम ने पहला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड ने दूसरा और सरस्वती विद्या मंदिर अलीगंज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका पाइप बैंड वर्ग में एलपीएस विनम्र खंड की टीम पहले, सेंट जोसेफ कॉलेज सीतापुर रोड दूसरे और सीएमएस कानपुर रोड तीसरे स्थान पर रहा। निर्णायक मंडल में होमगार्ड्स मुख्यालय के बैंड मेजर सुरेश कुमार यादव और केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान के पाइप बैंड सूबेदार मेजर हरिओम शामिल रहे। नशामुक्त भारत का दिया संदेश प्रतियोगिता के बाद प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य ज्योति पुष्प, बीना गौतम, शिक्षिका शालू सिंह और विद्यार्थियों ने चरखा चलाकर महात्मा गांधी के विचारों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), षष्ठ मंडल पीएन सिंह ने किया। इस दौरान जिला समन्वयक संतोष मिश्र, उपप्रधानाचार्य ज्योति पुष्प और बीना गौतम शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)