लखनऊ में चाचा ने सोते समय भतीजे पर फेंका तेजाब:एक आंख की रोशनी गई; शरीर के कई हिस्से झुलसे, KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
लखनऊ में गुरुवार देर रात पड़ोसी चाचा ने अपने मुंहबोले भतीजे पर तेजाब फेंक दिया। हमले में युवक के शरीर के कई हिस्से झुलस गए। उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई। गंभीर हालत में उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पत्नी से कहासुनी के बाद युवक पर फेंका तेजाब रहीमाबाद थाना क्षेत्र के संत नगर निवासी मुनेश्वर ने बताया कि उनका बेटा मनीष पड़ोस में रहने वाले राजन को मुंहबोला चाचा मानता था। दोनों साथ में मुंडन, शादी और बारात जैसे कार्यक्रमों में कैटरिंग का काम करते थे। गहरी दोस्ती होने के कारण मनीष अक्सर राजन के घर पर ही रुक जाता था। मुनेश्वर के मुताबिक, गुरुवार देर रात मनीष राजन के घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान राजन और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। मनीष ने दोनों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद विवाद शांत हो गया और मनीष चादर ओढ़कर सो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद राजन तेजाब से भरा डिब्बा लेकर कमरे में पहुंचा और सो रहे मनीष पर तेजाब डालने लगा। मनीष की आंख खुली तो उसे लगा कि उस पर पानी छिड़का जा रहा है। कुछ ही देर में उसके शरीर पर घाव होने लगे। शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव परिजनों ने घटना की सूचना रहीमाबाद पुलिस को दी। पुलिस ने घायल मनीष को मलिहाबाद सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, तेजाब से मनीष के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी गहरे घाव हैं। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसकी एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी दी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस मनीष के पिता बाराती ने राजन के खिलाफ रहीमाबाद थाने में तहरीर दी। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। मनीष पर तेजाब फेंकने की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)