बुलंदशहर में कार पेड़ से टकराई, 5 की मौत:मरने वाले एक ही परिवार के, 3 की हालत गंभीर
बुलंदशहर जिले के डिबाई तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित मारुति ईको कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे का शिकार हुआ परिवार कासगंज जिले के सिढ़पुरा से डिबाई के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल बेलोन मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। वैन में कुल आठ लोग सवार थे, जो सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें दो महिलाएं, एक 11 वर्षीया लड़की, एक 5 वर्षीय बच्चा, एक एक वर्षीय बच्ची और तीन पुरुष शामिल थे। इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में एक एक वर्षीय मासूम बच्ची, एक 35 वर्षीय महिला और लगभग 40 से 45 वर्ष की आयु के तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत अपने स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों व मृतकों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए शेष तीन लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अचानक मौत से मृतकों के पैतृक गांव सिढ़पुरा में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)