लखनऊ में चोरी, 16 लाख के गहने-बर्तन ले गए चोर:दो घरों में नकदी-मोबाइल भी चोरी, डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध हिरासत में
लखनऊ में गुरुवार रात चोरों ने नारायणपुर के बरियार खेड़ा और सहिजनपुर गांव में तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर से करीब 15 से 16 लाख रुपये के गहने और पीतल के बर्तन चोरी हो गए। दूसरे घर से 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी हुआ। तीसरे घर में भी चोर घुसे, लेकिन वहां से कुछ ले जाने में सफल नहीं हुए। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिक्योरिटी इंचार्ज के घर से गहने और बर्तन चोरी हरौनी पुलिस चौकी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नारायणपुर के बरियार खेड़ा निवासी समर बहादुर सिंह एक सिक्योरिटी कंपनी में सिक्योरिटी इंचार्ज हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 12:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उनकी पत्नी शीलू सिंह झाड़ू लगाने के लिए उठीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि दो कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। अटैची खुली थी और संदूक गायब था। सूचना पर डायल 112 की पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। करीब दो घंटे बाद हरौनी चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान घर की छत पर संदूक खाली मिला। उसका ताला भी कटा हुआ था। इसके बाद डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड समर बहादुर के घर से करीब 100 मीटर दूर दाराबनगर बरकोता की ओर गया और फिर लौट आया। समर बहादुर ने गांव के एक व्यक्ति पर शक जताया। इसके बाद दोबारा डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। पुलिस के मुताबिक, डॉग स्क्वायड संदिग्ध बताए गए व्यक्ति के घर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर चौकी ले गई। समर बहादुर के मुताबिक, चोर घर से महिलाओं के गहने और पीतल के बर्तन समेत करीब 15 से 16 लाख रुपये का सामान ले गए। घर में सो रहे लोगों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं चोरों ने इसी गांव में राम प्रताप सिंह पुत्र विजय कुमार के घर में भी चोरी का प्रयास किया। आरोप है कि चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और मुख्य गेट को कपड़े से बांध दिया। इसके बाद कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। चोरों ने दूसरे कमरों के ताले काटकर सामान खंगाला। रात करीब 3:30 बजे विजय लघुशंका के लिए उठे तो उन्हें दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह बाहर निकलने पर उन्हें टूटे ताले और सामान की तलाशी लिए जाने का पता चला। हालांकि, चोर यहां से कोई खास सामान नहीं ले जा सके। मजदूर के घर से 20 हजार रुपये और मोबाइल चोरी चोरों ने इसी रात सहिजनपुर गांव में रहने वाले मजदूर मुकेश के घर को भी निशाना बनाया। मुकेश की पत्नी रेशमा के मुताबिक, घर से 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी हुआ है। रेशमा ने बताया कि इसके बाद चोर पड़ोसी सचिन के घर में भी घुसे। इस दौरान आहट सुनकर सचिन की मां और विनोद की पत्नी जाग गईं। शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)