लखनऊ में देश के पहले स्वदेशी 10-D थिएटर का उद्घाटन:50 लाख रुपये में तैयार, विदेशी तकनीक के मुकाबले 83% कम लागत
लखनऊ के अलीगंज के आंचलिक विज्ञान नगरी में देश के पहले स्वदेशी तकनीक से विकसित 10-डी थिएटर का सोमवार को उद्घाटन हो गया। 25 सीटों वाले इस थिएटर को महज 50 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। खास बात यह है कि विदेशी तकनीक से ऐसा थिएटर बनाने में करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इस तरह स्वदेशी तकनीक से इसकी लागत करीब 83 फीसदी कम हुई है। थिएटर का उद्घाटन शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने किया। कार्यक्रम में नेशनल साइंस सेंटर, दिल्ली और आंचलिक विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अधिकारी मौजूद रहे। सीटें हिलेंगी, बारिश की फुहार भी महसूस होगी इस थिएटर में फिल्म देखना सामान्य स्क्रीन पर फिल्म देखने से अलग अनुभव होगा। 10-डी तकनीक के जरिए 3-डी दृश्यों के साथ कई तरह के विशेष प्रभाव भी महसूस किए जा सकेंगे। फिल्म में तेज रफ्तार से गुजरते वाहन दिखने पर सीटें हिलेंगी। वहीं, हवा के झोंके, कंपन और बारिश के दृश्यों के दौरान पानी की फुहार का अनुभव भी मिलेगा। इन प्रभावों से फिल्म देखने का अनुभव अधिक वास्तविक और रोमांचक बनेगा। लखनऊ और दिल्ली की टीम ने मिलकर विकसित की तकनीक स्वदेशी 10-डी थिएटर को नेशनल साइंस सेंटर, दिल्ली और आंचलिक विज्ञान केंद्र, लखनऊ की टीम ने मिलकर विकसित किया है। इसका उद्देश्य कम लागत में ऐसी तकनीक तैयार करना है, जिसे देश के दूसरे शहरों में भी शुरू किया जा सके। चार और शहरों में शुरू होंगे ऐसे थिएटर आंचलिक विज्ञान केंद्र के केंद्र प्रमुख शतदल घोष के मुताबिक, नेशनल साइंस सेंटर, दिल्ली के निदेशक विजय शंकर शर्मा के नेतृत्व में अगले चरण में दिल्ली, कोलकाता, कुरुक्षेत्र और गुवाहाटी में भी स्वदेशी 10-डी थिएटर शुरू किए जाएंगे। इससे देश के दूसरे हिस्सों के लोगों को भी इस तकनीक का अनुभव मिल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)