लखनऊ में लैंगिक समानता पर प्रशिक्षण:सामाजिक भेदभाव, समानता और समता, अवसरों तथा वंचना को विषयों पर चर्चा की
लखनऊ में इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया की ओर से बुद्धेश्वर केंद्र में ‘मानवाधिकार एवं विकास में लैंगिक समानता’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें संस्था के कार्यक्रम से जुड़ी 45 बालिका लीडर्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन प्रवेश वर्मा ने किया। पहले दिन गीत, खेल, कहानियों, वीडियो और समूह गतिविधियों के माध्यम से लैंगिक समानता, सामाजिक भेदभाव, समानता और समता, अवसरों तथा वंचना से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। घरेलू कामकाज में महिलाओं के योगदान को कम आंकने वाली सोच पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित पॉश (POSH) अधिनियम की जानकारी दी गई। दूसरे दिन मानवाधिकार, बाल अधिकार, मासिक धर्म प्रबंधन और शिकायत दर्ज कराने के माध्यमों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों को महिला आयोग और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की भूमिका के बारे में बताया गया। भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों और प्रस्तावना पर भी जानकारी दी गई। संस्था के निदेशक अमित मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे भेदभाव पहचानकर अपनी बात रख सकें और समुदाय में सकारात्मक बदलाव की पहल कर सकें। समापन अवसर पर संस्था की बोर्ड सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी शुक्ला सहित टीम के सदस्य हेमा, रानी, अंचल, पुष्पा, श्रद्धा, वर्तिका, छाया और शांति मौजूद रहे। शालिनी शुक्ला ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)