अयोध्या में 163 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ:पूरा बाजार ब्लॉक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह; दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ
अयोध्या में कहीं वैदिक मंत्र गूंजे तो कहीं मंगलगीत सुनाई दिए। अपनों के आशीर्वाद के बीच किसी की आंखें खुशी से नम हुईं तो किसी के चेहरे पर नए जीवन की चमक दिखी। पूरा बाजार ब्लॉक मुख्यालय रविवार को सामूहिक विवाह समारोह का गवाह बना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत यहां 163 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी की शुरुआत की। इनमें दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया गया। समारोह में अलग-अलग रीति-रिवाजों के बीच विवाह की रस्में पूरी हुईं। नवदंपतियों को परिजनों और अतिथियों ने आशीर्वाद दिया। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा महानगर महामंत्री शिवेन्द्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपए की मदद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपए की सहायता का प्रावधान बताया गया। इसमें 64 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजे जाते हैं। वहीं, 21 हजार रुपए के उपहार और जरूरी सामग्री दी जाती है। इसके अलावा 15 हजार रुपए विवाह आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। इस मदद का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में राहत देना है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने के साथ बेटियों के सम्मान और बेहतर भविष्य से जुड़ी है। आर्थिक तंगी के कारण किसी परिवार की खुशियां अधूरी न रहें, इसी सोच के साथ सरकार सहायता दे रही है। उन्होंने नवदंपतियों से प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन आगे बढ़ाने की अपील की। शिवेन्द्र सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को संबल देती है। साथ ही समाज में आपसी सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देती है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद समारोह में क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य अच्छेलाल निषाद, नंद कुमार सिंह, रामजीत निषाद, अनूप वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, राजेश पाण्डेय, शोभा राम वर्मा, सुरेश तिवारी और अजय सिंह मौजूद रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय, बीडीओ पूरा बाजार अनुराग सिंह, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और नवदंपतियों के परिजन भी शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)