लखनऊ में नवरात्रि पर कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे पर्यटन मंत्री:जयवीर सिंह ने मां काली के दर्शन कर की पूजा-अर्चना, बोले- योगी सरकार में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शारदीय नवरात्र के चौथे दिन लखनऊ के कालीबाड़ी मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और देश की खुशहाली के साथ विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कालीबाड़ी मंदिर आस्था का बड़ा सिद्ध स्थल है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने का काम किया जा रहा है। उपलब्ध भूमि के अनुसार दो चरणों में परियोजना तैयार की गई थी, जिसमें एक परियोजना का काम अभी चल रहा है। मंत्री ने बताया कि मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रफ्तार को लेकर प्रबंध समिति के सदस्यों और पुजारियों ने भी संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था केंद्रों पर पर्यटन सुविधाएं विकसित करने के लिए काम कर रही है। मां काली से प्रार्थना है कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे, देश आगे बढ़े और भारत एक बार फिर विश्वगुरु बने। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार का दावा नवरात्र और दशहरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के सवाल पर जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में धार्मिक आयोजन और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब किसी में दंगा या उपद्रव करने का दुस्साहस नहीं है। यदि कोई ऐसा करता है तो प्रशासन उसके खिलाफ कार्रवाई करता है। मंत्री ने पिछली सरकारों के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय आए दिन दंगे और उपद्रव होते थे और लोग अपने त्योहार भी सुरक्षित तरीके से नहीं मना पाते थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है, ताकि लोग अपनी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार त्योहार मना सकें। अयोध्या के दीपोत्सव में नए कीर्तिमान बनाने की तैयारी अयोध्या में इस साल होने वाले दीपोत्सव को लेकर पर्यटन मंत्री ने कहा कि योगी सरकार आने के बाद से हर साल दीपोत्सव को भव्य और दिव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है। इस बार भी पिछले वर्षों के कीर्तिमान तोड़कर नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि दीपों की संख्या, ड्रोन शो और सरयू आरती समेत विभिन्न कार्यक्रमों को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस बार कुछ नए कार्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे, जो पिछले वर्षों से अलग और आकर्षक होंगे। विपक्ष को जनसेवा करने की सलाह विपक्ष की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और केंद्र सरकार पर उठाए जा रहे सवालों के बारे में पूछे जाने पर जयवीर सिंह ने कहा कि मां विपक्ष को सद्बुद्धि देगी। उन्होंने विपक्षी नेताओं को जनसेवा और लोककल्याण के काम करने की सलाह दी। मंत्री ने कहा कि विपक्ष को देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए, ताकि भविष्य में उसे जनता का आशीर्वाद मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)