लखनऊ में तीन अवैध पिस्टल के साथ तस्कर गिरफ्तार:एमपी के खंडवा से लाकर बेचता था, सामान डिलीवरी के दौरान पकड़ा गया
लखनऊ में एसटीएफ ने रविवार रात विभूतिखंड स्थित वेव मॉल के पास से अवैध असलहा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन अवैध पिस्टल, चार कारतूस, पिस्टल की मैगजीन बरामद हुई हैं। आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ निवासी दुर्गेश पांडेय उर्फ विशु के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने मध्य प्रदेश के खंडवा से पिस्टल लाकर बेचने की बात कबूल की है। एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही की टीम अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोहों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। रविवार रात करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार और मध्य प्रदेश से अवैध असलहे लाने वाले गिरोह के सदस्य लखनऊ में वेव मॉल के पास मौजूद हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने वेव पुलिस चौकी के पास पहुंचकर तलाश शुरू की। सहारा कॉम्प्लेक्स के पीछे एसबीआई बैंक के पास तिराहे पर एक संदिग्ध युवक पीठ पर बैग लटकाए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह हटने लगा। शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। बैग में मिलीं तीन सिल्वर रंग की पिस्टल आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर तीन सिल्वर रंग की 7.65 बोर की पिस्टल मिलीं। तीनों में मैगजीन लगी थीं। इनमें दो पिस्टल पर काले रंग की ग्रिप और एक पर भूरे रंग की ग्रिप लगी थी। आरोपी की जेब से 330 रुपए भी बरामद हुए। मित्र के जरिए खंडवा से लाता था पिस्टल पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त आशीष मिश्रा निवासी गिस्था बड़गवां, थाना महेशगंज, प्रतापगढ़ के जरिए मध्य प्रदेश के खंडवा से अवैध पिस्टल लाता था। इसके बाद उन्हें बेचने का काम करता था। बरामद तीनों पिस्टल भी आशीष के माध्यम से ही लाने की बात उसने बताई। रविवार रात वह अपने परिचितों को पिस्टल की डिलीवरी देने पहुंचा था। एसटीएफ गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)