लखनऊ विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच पहुंचे कुलपति:वाणिज्य विभाग के छात्रों से बातचीत की, व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने पर जोर दिया
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी बुधवार को अचानक विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने वाणिज्य संकाय की कक्षाओं का जायजा लिया। इसके बाद मिल्क बार कैंटीन में छात्रों के साथ बैठकर पढ़ाई, करियर और भविष्य की योजनाओं पर बातचीत की। कुलपति ने वाणिज्य संकाय की लगभग सभी कक्षाओं में नियमित पठन-पाठन देखा। शिक्षक कक्षाओं में पढ़ाते मिले और विद्यार्थी भी एकाग्र होकर पढ़ाई करते नजर आए। कक्षाओं के संचालन पर उन्होंने संतुष्टि जताई। डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी ली उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम की प्रगति के बारे में जानकारी ली। छात्रों से पूछा कि विषयों को समझने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं आ रही है। लाइब्रेरी और डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी ली। कुलपति ने शिक्षकों से भी बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ समसामयिक वित्तीय रुझानों और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने पर जोर दिया। कैंटीन में समोसे-चाय के बीच हुई बातचीत वाणिज्य संकाय के बाद कुलपति मिल्क बार कैंटीन पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रों के साथ अनौपचारिक बातचीत की। समोसे और चाय के बीच उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों और करियर की योजनाओं के बारे में पूछा। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजाना पढ़ाई की दिनचर्या की भी जानकारी ली। कुलपति ने कहा कि डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल, नवाचार और लगातार सीखने की आदत जरूरी है। छात्रों से सीधा संवाद विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि कुलपति की कार्यशैली छात्र-केंद्रित है। कक्षाओं से लेकर कैंटीन तक उनका दौरा विद्यार्थियों से सीधे संवाद पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को बेहतर और प्रेरणादायी शैक्षणिक माहौल देना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की नींव रख सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)