लक्ष्मीपुरवा में जलभराव पर नगर आयुक्त सख्त:बदलेगी 100 मीटर सीवर लाइन,2 और पंप लगेंगे,CM ग्रिड में देरी पर ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
कानपुर में नवरात्र पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को शहर के प्रमुख मंदिरों, जलभराव वाले इलाकों, सीएम ग्रिड रोड और वार्डों का औचक निरीक्षण किया। तपेश्वरी मंदिर से लेकर लक्ष्मीपुरवा, अफीमकोठी, गुरुदेव चौराहा, आजाद नगर, आवास विकास और कल्याणपुर उत्तरी तक निरीक्षण के दौरान उन्हें कई जगह सफाई, जलनिकासी, सड़क निर्माण और विकास कार्यों में कमियां मिलीं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को मौके पर ही काम पूरा कराने के निर्देश दिए। सीएम ग्रिड रोड का काम समय पर पूरा नहीं होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्टेड करने की चेतावनी भी दी गई। तपेश्वरी मंदिर में फूल-नारियल से बनेगी अगरबत्ती और इत्र नवरात्र के मद्देनजर नगर आयुक्त ने बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में तीन शिफ्ट में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मंदिर से निकलने वाले फूल और नारियल को निर्धारित संस्था को नियमित रूप से दिया जाए, ताकि इनका रिसाइकल कर अगरबत्ती, इत्र आदि बनाए जा सकें। मंदिर के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास बड़ी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट मिला। इसे तत्काल हटाने और संबंधित व्यक्ति से कम से कम 50 हजार रुपए यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए गए। मंदिरों के आसपास घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा मंदिर के आसपास रेड स्टोन का काम पूरा कराने को कहा गया। लक्ष्मीपुरवा में 100 मीटर सीवर लाइन बदलेगा नगर निगम नगर आयुक्त ने वार्ड-1 लक्ष्मीपुरवा में अफीमकोठी से पेट्रोल पंप तक जलभराव और क्षतिग्रस्त सीवर लाइन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सितंबर में जलकल विभाग ने अफीमकोठी से पेट्रोल पंप के सामने बने चैंबर तक 300 एमएम की नई सीवर लाइन डाली थी। लाइन को जोड़ने के लिए पुराने चैंबर को तोड़ा गया था, लेकिन काम के बाद चैंबर की सही तरीके से मरम्मत नहीं की गई। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त चैंबर से पानी और बड़ी मात्रा में मिट्टी सीवर लाइन में चली गई। इससे पूरी लाइन चोक हो गई। जलकल विभाग ने सुपर सकर मशीन से चैंबर और लाइन की सफाई की, लेकिन निरीक्षण में सामने आया कि अंदर की सीवर लाइन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और ऊपर से लगातार मिट्टी धंस रही है। अधिकारियों के मुताबिक मैदान से पेट्रोल पंप तक करीब 100 मीटर सीवर लाइन को अब पूरी तरह बदलना जरूरी है। जलभराव से तत्काल राहत देने के लिए मौके पर 7.5 एचपी, 5 एचपी और 3 एचपी के पंप चल रहे हैं। एक अतिरिक्त 10 एचपी का पंप भी लगाया जा रहा है। नगर आयुक्त ने दो और अतिरिक्त पंप लगाकर जलनिकासी में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके। सीएम ग्रिड रोड पर रात-दिन काम कराने के निर्देश गुरुदेव चौराहे से आजाद नगर तक बन रही सीएम ग्रिड रोड का भी नगर आयुक्त ने औचक निरीक्षण किया। करीब 2.75 किमी लंबी सड़क की परियोजना में बिजली की लाइन भूमिगत करने, यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, मार्ग प्रकाश, स्ट्रॉम वाटर ड्रेन, सीवर लाइन और वानिकी कार्य शामिल हैं। नगर आयुक्त ने दिन-रात शिफ्ट लगाकर काम कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा आजाद नगर चौराहे के पास अतिक्रमण हटते ही फुटपाथ का निर्माण शुरू कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो कार्यदायी संस्था एमएसएस इंफ्रा को ब्लैकलिस्टेड की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। ग्रीनबेल्ट में ग्रिल और कूड़े पर भी नाराजगी आवास विकास-कल्याणपुर-पनकी मार्ग पर ग्रीनबेल्ट के अंतिम हिस्से में ग्रिल नहीं लगी मिली। सड़क के सामने कच्चे हिस्से में कूड़ा और सीएंडडी वेस्ट भी पड़ा था। नगर आयुक्त ने ग्रीनबेल्ट में ग्रिल लगाने और कच्चे हिस्से का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए 8 अक्टूबर तक पत्रावली प्रस्तुत करने को कहा गया। कल्याणपुर में नाला बंद होने से जलभराव वार्ड-19 कल्याणपुर उत्तरी के निरीक्षण में पनकी-कल्याणपुर-शिवली मोड़ पर जलभराव की समस्या सामने आई। पार्षद ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क बनाए जाने के दौरान सड़क को क्रॉस करने वाला नाला बंद हो गया है। इस कारण मिर्जापुर, कल्याणपुर और शिवली रोड पर बारिश के समय जलभराव हो जाता है। नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को पत्र भेजने के निर्देश दिए। मिर्जापुर की आंतरिक गलियों का भी निरीक्षण किया गया। कई गलियों में सड़क सुधार और जलनिकासी की जरूरत बताई गई। नगर आयुक्त ने तत्काल प्रस्ताव तैयार कर उसमें ड्रेनेज की व्यवस्था अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा राहत कोष के तहत क्षेत्र में जलनिकासी और सड़क सुधार की परियोजना तैयार की गई है। इसके पूरा होने से स्थानीय लोगों को जलभराव से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)