ललितपुर में छात्र हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल:पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद, चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगा था आरोपी
ललितपुर में बी-फार्मा छात्र भूपेंद्र रजक हत्याकांड के आरोपी प्रताप उर्फ रोली उर्फ प्रहलाद को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हाईवे किनारे हवाई पट्टी के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सुबह करीब 5:30 बजे मेडिकल कॉलेज ललितपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वाजपेयी के निर्देश और क्षेत्राधिकारी अजय कुमार के निर्देशन में कोतवाली पुलिस रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हवाई पट्टी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान रावतयाना चौकाबाग निवासी प्रताप उर्फ रोली रजक के रूप में हुई है। उसके पास से एक देशी तमंचा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मवेशी बाजार में छात्र की हुई थी हत्या 28 सितंबर की रात करीब 9:24 बजे मसौराकलां निवासी 22 वर्षीय बी-फार्मा छात्र भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू मवेशी बाजार पहुंचा था। आरोप है कि वहां छह से अधिक लोगों ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी। भूपेंद्र बचने के लिए कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान के पास पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर ईंट-पत्थर और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। पूरी घटना शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। सीसीटीवी से सामने आई आरोपियों की भूमिका मृतक के पिता ने अजय रजक, पुष्य प्रताप सिंह, करन कुशवाहा, रुपेश और अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में हत्याकांड में अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)