लोन दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी:कानपुर में शादी का बहाना बनाकर लिए जेवर, असली सोने की जगह थमाए पीतल के गहने
कानपुर के पनकी स्थित रतनपुर में बैंक से बड़ा लोन दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले की परिचित महिलाओं ने शादी और लोन की प्रक्रिया के नाम पर उनसे सोने के जेवर और नकदी ले ली। वृद्धा को भरोसा दिलाया गया कि उनके जेवर तनिष्क में गिरवी रखकर लोन की व्यवस्था की गई है। बाद में जेवर लौटाने के नाम पर उन्हें पीतल के नकली बाले और मंगलसूत्र थमा दिए गए। जांच कराने पर जेवर नकली निकले तो परिवार को ठगी का पता चला। पीड़िता के बेटे और पूर्व सैनिक अभिषेक मिश्रा की तहरीर पर पनकी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी पनकी अमित चौरसिया के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। शादी का बहाना बनाकर लिए जेवर रतनपुर की एलआईजी-41 कॉलोनी निवासी अभिषेक मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनकी 63 वर्षीय मां मीना मिश्रा का मोहल्ले में रहने वाली नीलम दुबे के घर आना-जाना था। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर नीलम दुबे ने शादी का बहाना बनाकर मीना से सोने की चेन, अंगूठी और झुमकी ले लीं। इसके बाद नीलम दुबे अपनी साथी नीलम पाल को लेकर आई। नीलम पाल ने बैंक से बड़ा लोन पास कराने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर मीना ने सोने की चेन, मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, बाला और पायल समेत अन्य जेवर उसे दे दिए। कुछ समय बाद नीलम पाल ने बताया कि जेवर तनिष्क में गिरवी रखकर रुपये नीलम दुबे को दे दिए गए हैं। लोन की प्रक्रिया के नाम पर भी लिए रुपये अभिषेक के मुताबिक, दोनों महिलाएं उनकी मां को मोहल्ले में रहने वाली मालती के पास भी ले गईं। आरोप है कि मालती ने लोन की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर पहले 15 हजार और फिर 34 हजार रुपये लिए। उसने कान के टॉप्स भी ले लिए। मई 2026 में मालती ने बहन के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर मीना से 50 हजार रुपये और ले लिए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मालती ने अलग-अलग बहानों से कुल 1.90 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद उसके कहने पर रन्नो देवी को भी 10 हजार रुपये और एक बाला दिया गया। जांच में नकली निकले जेवर परिवार के अनुसार, मीना ने जब अपने जेवर वापस मांगे तो नीलम पाल ने असली सोने के गहनों की जगह पीतल के नकली बाले और मंगलसूत्र दे दिए। जांच कराने पर जेवर नकली निकले। अभिषेक का आरोप है कि रुपये और असली जेवर वापस मांगने पर मालती के बेटे मयंक ने उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी। तहरीर के मुताबिक, आरोपितों ने 30 अगस्त तक रुपये और जेवर लौटाने का लिखित आश्वासन दिया था। हालांकि, तय समय तक न तो रुपये लौटाए गए और न ही असली जेवर दिए गए। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। परिवार का दावा है कि इस मामले में करीब आठ लाख रुपये के जेवर और दो लाख रुपये नकद का नुकसान हुआ है। छह लोगों के खिलाफ मुकदमा पनकी पुलिस ने अभिषेक मिश्रा की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)