मैनपुरी में भाजपा मंडल मंत्री की पत्नी की मौत:मायके वालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया, 8 दिन से बीमार थीं

Oct 06, 2026 - 16:51
0
मैनपुरी में भाजपा मंडल मंत्री की पत्नी की मौत:मायके वालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया, 8 दिन से बीमार थीं
मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में भाजपा मंडल मंत्री की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला पिछले करीब आठ दिन से बुखार से पीड़ित थी। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल में उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा था और हालत बिगड़ने के बाद उसे आगरा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान विनीता शाक्य (40) पत्नी सौदान सिंह निवासी जमीदगंज, भोगांव के रूप में हुई है। सौदान सिंह भोगांव क्षेत्र में भाजपा मंडल मंत्री के पद पर हैं। विनीता के भाई आशीष पुत्र देवेंद्र सिंह शाक्य निवासी मैनपुरी फाटक अड्डा, इटावा ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मायका पक्ष की ओर से आरोप लगाए। आशीष के मुताबिक, साल 2009 में उनकी बहन विनीता की शादी जमीदगंज निवासी रामनाथ के बेटे सौदान सिंह के साथ हुई थी। रविवार को ससुराल से मायका पक्ष को फोन कर बताया गया कि विनीता ने फांसी लगा ली है। मायका पक्ष ने स्थानीय रिश्तेदारों को मौके पर भेजा। आशीष का आरोप है कि वहां पहुंचने पर विनीता छत पर बने एक खुले कमरे में बंद मिली। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने यह कहकर कमरे को बंद कर रखा था कि मायका पक्ष के लोग आने के बाद ही उसे बाहर निकाला जाएगा। आशीष ने बताया कि जब वह बहन की ससुराल पहुंचे तो उसकी हालत बेहद खराब थी। उनके मुताबिक, विनीता को करीब आठ दिन से बुखार था और ससुराल वाले उसका इलाज किसी स्थानीय झोलाछाप डॉक्टर से करा रहे थे। हालत बिगड़ने के बाद सोमवार को वह विनीता को उपचार के लिए आगरा लेकर गए। वहां देर रात करीब 12:30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुरालियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आशीष का यह भी आरोप है कि विनीता के साथ मारपीट की जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। विनीता की मौत के बाद उसके दो बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। मायका पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। महिला की 14 साल की बेटी और तीन साल का बेटा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User