मैनपुरी में नवविवाहिता की प्रसव के दौरान मौत:11 महीने पहले हुई थी शादी, महिला की हालत बिगड़ी; अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मैनपुरी में मां बनने की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंची नवविवाहिता की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार रात करीब 10 बजे प्रसव पीड़ा होने पर पति उसे कुचेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचा था। डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव होने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। परिजन एंबुलेंस से उसे निजी अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में कराया भर्ती मामला दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव कूड़ारपुर का है। गांव निवासी सुखदेव ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी संतोषी को प्रसव पीड़ा हुई। इसके बाद वह उसे लेकर कुचेला सीएचसी पहुंचे और भर्ती कराया। सुखदेव के मुताबिक, अस्पताल में चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की बात कही थी। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में बच्चे की किलकारी गूंजेगी, लेकिन कुछ समय बाद संतोषी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत सुखदेव का कहना है कि संतोषी की हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए रेफर करने की बात कही। इसके बाद परिजन उसे एंबुलेंस से निजी अस्पताल लेकर निकले, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में संतोषी की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 11 महीने पहले हुई थी शादी सुखदेव ने बताया कि संतोषी से उनकी शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी। परिवार में बच्चे के जन्म को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन प्रसव के दौरान हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)