महानवमी पर फतेहपुर में भक्ति की धूम:शारदीय नवरात्र के समापन पर 1700 सुरक्षाकर्मी तैनात, जिले में उत्साह का माहौल

Oct 19, 2026 - 14:13
0
महानवमी पर फतेहपुर में भक्ति की धूम:शारदीय नवरात्र के समापन पर 1700 सुरक्षाकर्मी तैनात, जिले में उत्साह का माहौल
फतेहपुर में शारदीय नवरात्र का समापन भव्य और धार्मिक उल्लास के साथ हो रहा है। पर्व के अंतिम दिन सोमवार को सुबह 8 बजे से जिले भर में विशेष अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक फैले करीब 2200 दुर्गा पंडालों और मंदिरों में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नौ कन्याओं के साथ बटुकों को भी आमंत्रित कर विशेष आदर-सत्कार किया गया। ​पंडाल समितियों के सदस्यों ने परंपरा के अनुसार कन्याओं के चरण धोकर उन्हें आसन पर बैठाया और तिलक लगाकर उनका पूजन किया। पूजनोपरांत कन्याओं को हलवा, पूरी और चने का प्रसाद श्रद्धापूर्वक परोसा गया। कन्या भोज के बाद समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद कई प्रमुख पंडालों में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ​ महाअष्टमी और महानवमी के पावन पर्व पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 1700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस बल के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के दर्शन और पूजन कर सकें। ​शहर के सबसे बड़े दुर्गा पंडालों में शुमार 'जय मां अम्बे दुर्गा कमेटी' के अध्यक्ष जितेंद सिंह उर्फ सोनू यादव ने बताया कि परंपरा का निर्वहन करते हुए पंडाल में विशाल कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो रहा है, जिसमें स्थानीय नागरिकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। साथ राधा नगर,तामेश्वर मंदिर,आबू नगर,पत्थर कटा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कन्या भोज का आयोजन चल रहा है।इस दौरान पूरा जिला माता के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।इस मौके पर लखन सिंह यादव,विकास पांडेय,विजय मौर्य,प्रशांत दीक्षित सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User