मैनपुरी में SIR पर कांग्रेस का प्रदर्शन:तिकोनिया पार्क में पुतला जलाया, मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग
SIR और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सोमवार को मैनपुरी में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय मंडी धर्मदास से कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता तिकोनिया पार्क पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों में दो निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा और महत्वपूर्ण निर्णयों में अन्य निर्वाचन आयुक्तों को विश्वास में नहीं लिया गया। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग रखी गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समीक्षा के बाद जो निर्णय नियमों के विपरीत पाए जाएं, उन्हें रद्द किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई होने तक उसका विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन को कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे SIR और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे से जोड़कर अपनी मुहिम का हिस्सा बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)