मानदेय बढ़ाने समेत 8 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन:बागपत में धरना-प्रदर्शन का ऐलान, राज्य कर्मचारी का दर्जा भी मांगा
बागपत में आशा और आशा संगिनी स्वास्थ्य संघ उत्तर प्रदेश की ओर से अपनी कई मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा गया। संघ की जिला अध्यक्ष मीना त्यागी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। संगठन ने आगामी 10 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन के लिए अनुमति दिए जाने की भी मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि आशा और संगिनी कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। संघ ने आशा कार्यकर्ताओं को 18 हजार रुपए और संगिनी कार्यकर्ताओं को 26 हजार रुपये मासिक मानदेय दिए जाने की मांग की है। इसके साथ ही आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संगठन ने संगिनी बहनों को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी उपलब्ध कराने, आशा एवं संगिनी कार्यकर्ताओं का कम से कम 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराने और उन्हें बीमा प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं के परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ देने तथा सभी आशा और संगिनी बहनों को 5जी मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है। संगठन का कहना है कि इन मांगों को लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। आशा और संगिनी स्वास्थ्य संघ ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर निर्धारित कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)