ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन:संभल में पुलिस ने रोका, 3 थानों की फोर्स और आरआरएफ तैनात
संभल में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को संभल और चंदौसी में प्रदर्शन किया। दोनों स्थानों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए तीन थानों की पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ को भी तैनात किया गया था। संभल जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर संभल कोतवाली क्षेत्र के लाड़म सराय में चौधरी मुशीर खां तरीन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं, जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 16 किलोमीटर दूर चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के कैथल गेट पर जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सड़क पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के चलते भाजपा की सरकारें बनी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन कर रही है। जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने पुलिस पर सरकार के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस नेत्री ममता रानी ने कहा कि पार्टी ने शांतिपूर्ण रैली निकालने की तैयारी की थी। इसके लिए पहले अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़ने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और प्रभावित विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जानी थी। अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दबाव के कारण जुलूस को रोका गया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रत्याशी सरदार बलवीर सिंह दिवाकर, राजेश शाहू, नगर अध्यक्ष एके सिंह, टीटू दिवाकर, धीरज सिंह, भानु कुमार, राजीव शर्मा, राजकुमार, होतेलाल शर्मा और मुनीश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)